राजनांदगांव। नगर निगम के वार्ड नंबर 4 स्थित शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह (बालक), नया ढाबा के आसपास मुख्य सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद रहने से रात में अंधेरा पसरा रहता है। अंधेरे के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को सड़क पर आवागमन के दौरान परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रोशनी नहीं होने के कारण कई बार गाय और अन्य मवेशी सड़क के बीच बैठ जाते हैं, जिससे रात के समय वाहन चालकों के लिए स्थिति और जोखिम भरी हो जाती है। वहीं, आसपास नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले लोगों के जमावड़े की शिकायत भी सामने आती रहती है। इससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सड़क पर अंधेरा और सुरक्षा का मुद्दा लगातार बना हुआ है, तो नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की नजर अब तक इस समस्या पर क्यों नहीं पड़ी? लोगों ने बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने और रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।?
