सेवा संकल्प अभियान के तहत वासड़ी, दिघवाड़ी, डुमरटोला और मोहभट्टा में पीएम सूर्य घर हितग्राही सम्मानित, सूर्य रथ से गांव-गांव होगा सौर ऊर्जा का प्रचार-प्रसार
मोहला, 06 अक्टूबर 2026 – शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम वासड़ी, दिघवाड़ी एवं मोहभट्टा में आयोजित सेवा सेतु शिविरों में कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत अभियान एवं मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी प्रदान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने तथा विद्युत सेवाओं के प्रति जागरूक करने का प्रभावी प्रयास किया जा रहा है।
डुमरटोला से सूर्य रथ को मिली हरी झंडी
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम डुमरटोला में आयोजित सेवा सेतु शिविर के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घररू मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से सूर्य रथ का विधिवत शुभारंभ किया गया। अपर कलेक्टर श्री मिथलेश दोंडे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री सुभांगी गुप्ता, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती गैंद कुंवर ठाकुर एवं अन्य जनपद सदस्यों ने हरी झंडी दिखाकर सूर्य रथ को रवाना किया। सूर्य रथ के माध्यम से क्षेत्र के नागरिकों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने, उपलब्ध केंद्रीय एवं राज्य शासन की सब्सिडी, योजना से होने वाले लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इसके माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को अपने घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सूर्य रथ अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को स्वच्छ एवं सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रेरित करना तथा बिजली बिल में राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में जागरूक करना है।
सेवा सेतु शिविरों में पीएम सूर्य घर हितग्राही सम्मानित
वासड़ी, दिघवाड़ी, डुमरटोला एवं मोहभट्टा में आयोजित सेवा सेतु शिविरों में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों को रूफटॉप सोलर अपनाने के लाभ, बिजली की बचत तथा स्वच्छ और हरित ऊर्जा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। हितग्राहियों ने योजना से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य ग्रामीणों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया।
ऊर्जा राहत एवं बिजली बिल समाधान योजनाओं की भी जानकारी
सेवा सेतु शिविरों में मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत अभियान तथा मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को उपलब्ध राहत, बिजली बिल से संबंधित समाधान विकल्पों तथा योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया और पात्र उपभोक्ताओं को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मोहला संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री अनिल रामटेके एवं सहायक अभियंता श्री शिरीष मिलिंद सहित विद्युत विभाग के मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सूर्य रथ के शुभारंभ अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविरों और सूर्य रथ अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को जन-जन तक पहुंचाने, सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नागरिकों को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने का प्रभावी प्रयास किया जा रहा है।
