राजनांदगांव। रॉयल किड्स कान्वेंट स्कूल के छात्र दिव्यांश सोनी ने एपोच ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित एप्टीट्यूड ओलंपियाड/टैलेंट सर्च टेस्ट/गणित ओलंपियाड/जी.के. ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम श्रेणी प्राप्त की। दिव्यांश ने राष्ट्रीय स्तर पर 201वां तथा क्षेत्रीय स्तर पर 33वां स्थान हासिल कर अपने विद्यालय, परिवार और राजनांदगांव शहर का गौरव बढ़ाया।
एपोच ओलंपियाड फाउंडेशन (भारत सरकार द्वारा पंजीकृत संगठन) की ओर से उनके विशिष्ट प्रदर्शन के लिए “उभरते चैंपियन” के रूप में प्रशंसा-पत्र एवं मेडल प्रदान किया गया। वर्तमान में दिव्यांश सोनी रॉयल किड्स कान्वेंट स्कूल की कक्षा छठवीं (सेक्शन-ए) के छात्र हैं।
विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्राचार्य, प्रबंधक, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में दिव्यांश को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने कहा कि दिव्यांश की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
दिव्यांश के पिता राजू सोनी एवं माता कामनी सोनी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार और सभी शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने के लिए निरंतर प्रेरित करना आवश्यक है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
दिव्यांश सोनी की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, परिजनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
