शत-प्रतिशत एग्रीस्टैक पंजीयन पर दिया जोर
राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा
की
कोण्डागांव, 13 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर राजस्व प्रकरणों एवं एग्रीस्टैक पंजीयन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरण, अविवादित एवं विवादित नामांतरण, डिजिटल हस्ताक्षर, अधिकार अभिलेख वितरण सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की तहसीलवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को जिले के सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत एग्रीस्टैक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कर उन्हें योजनाओं का समय पर लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने फील्ड स्तर पर शिविर आयोजित कर कार्य में तेजी लाने और कोई भी पात्र किसान लाभ से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव, संयुक्त कलेक्टर श्री वहीदुर्रहमान, एसडीएम केशकाल सुश्री आकांक्षा नायक सहित राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
की