जिला पंचायत सीईओ ने कोंडागांव, माकड़ी और फरसगांव के विभिन्न ग्रामों का किया
आकस्मिक निरीक्षण, श्मोर गांव मोर पानीश् अभियान के कार्यों की सराहना
कोण्डागांव, 09 जुलाई 2026/ ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने बुधवार को कोंडागांव, माकड़ी एवं फरसगांव विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कोंडागांव के ग्राम पंचायत मसोरा में निर्माणाधीन सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन, ग्राम पंचायत भवन एवं अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का अवलोकन किया गया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों एवं प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जनपद पंचायत माकड़ी के ग्राम पंचायत केरावाही में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को सभी पात्र हितग्राहियों के आवास समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जनपद पंचायत फरसगांव के ग्राम पंचायत भंडारशिवनी में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने वीबी-जी राम जी योजना एवं श्मोर गांव मोर पानीश् महाअभियान के अंतर्गत पूर्ण किए गए सामुदायिक तालाब गहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व एवं इस संरचना से होने वाले दीर्घकालिक लाभों की जानकारी दी। साथ ही निर्माणाधीन नवीन तालाब का भी अवलोकन किया तथा मौके पर श्रमिकों की उपस्थिति, मस्टर रोल एवं कार्य की माप का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के उपरांत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री भोई ने संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं एवं तकनीकी कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासकीय धन का सदुपयोग सुनिश्चित करते हुए सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित जनपद पंचायतों के अधिकारी, तकनीकी अमला, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
आकस्मिक निरीक्षण, श्मोर गांव मोर पानीश् अभियान के कार्यों की सराहना