पंडरीपानी में सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों को मिली जनहितकारी योजनाओं की जानकारी

कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने परखी योजनाओं की जमीनी हकीकत

हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत हितग्राहियों को मिली सौगातें

जगदलपुर, 13 मई 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और प्रशासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से बुधवार को जगदलपुर विकासखण्ड के ग्राम पंडरीपानी में सुशासन तिहार के तहत सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर आम जनता द्वारा दिए गए आवेदनों और उनके निराकरण की अद्यतन स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी लेते हुए अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही भू-स्वामियों को डिजिटल किसान किताब, खसरा एवं बी-वन नकल प्रदाय करने और वनाधिकार मान्यता पत्रों का फौती-नामांतरण किए जाने के निर्देश दिए।

     कमिश्नर ने प्रत्येक शिविर में स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने तथा उन्हें उपचार सुविधाएं मुहैया करवाने कहा। साथ ही मोतियाबिंद जांच के लिए नेत्र सहायक की उपस्थिति सुनिश्चित कर मोतियाबिंद पीड़ितों को जांच करने एवं जरूरत के अनुरूप जिला या मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आपरेशन से लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने इन शिविरों में दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम अंग उपकरण उपलब्ध करवाने कहा। वहीं आधार पंजीयन शिविर के माध्यम से मोबाइल नंबर सिंडींग करने एवं छूटे हुए ग्रामीणों का आधार पंजीयन करने के निर्देश दिए।

          इस शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाल पर प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत सात महिलाओं को लाभान्वित किया गया, वहीं दूसरी ओर सामाजिक सरोकारों का निर्वहन करते हुए पांच बच्चों का अन्नप्राशन और छह गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी की गई। ग्रामीण आवास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ग्राम पंडरीपानी के धरमू और सुनकी को उनके नए सपनों के घर की चाबियाँ सौंपी गई।

         किसानों को खेती-किसानी के लिए प्रोत्साहित करते हुए सहकारिता विभाग ने सात किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान किए, जबकि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा रागी बीज, आम और ऑयल पॉम के पौधों का वितरण कर किसानों को नवाचार के लिए प्रेरित किया गया। मत्स्यपालन विभाग ने भी आजीविका विस्तार हेतु दो हितग्राहियों को जाल वितरित किए। स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड और सिकलिन कार्ड जारी किए, जो ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा कवच का काम करेंगे। इसके साथ ही खाद्य विभाग द्वारा 14 परिवारों को नए राशन कार्ड और राजस्व विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

         शिक्षा और प्रतिभा के प्रोत्साहन देते हुए आदिवासी विकास विभाग के छात्रावासों में रहकर 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले 11 मेधावी विद्यार्थियों का विशेष सम्मान किया गया, जो क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बना। पशुधन विकास विभाग ने भी सूकरपालन को बढ़ावा देने हेतु अनुदान राशि भुगतान के प्रमाण पत्र वितरित किए। इस मौके पर जनपद पंचायत जगदलपुर अध्यक्ष श्री पदलाम नाग सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और भारी संख्या में क्षेत्रवासी ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles