राजनांदगांव , भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि हमारे देश की आधी आबादी, माता-बहनों को देश के विकास में सहभागी बनाने और लोकसभा व विधानसभाओं में उनका 33 प्रतिशत नेतृत्व सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नारी शक्ति वन्दन (संशोधन) अधिनियम लाया गया था और संसद के विशेष सत्र में उस पर चर्चा की गई।16 से 18 अप्रैल तक आहूत संसद के सत्र से पहले एक बहुत अच्छा वातावरण पूरे देश व प्रदेश में था। देशभर की मातृशक्ति में इस अधिनियम को लेकर काफी उमंग व उत्साह का वातावरण था। महिलाओं की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए देशभर में अनेक कार्यक्रम हो रहे थे। लेकिन दुर्भाग्य का विषय है कि हमारी माता-बहनों की खुशी कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक और समाजवादी पार्टी के अड़ियल और महिला विरोधी राजनीतिक चरित्र के चलते साकार नहीं हो पाई। श्री राजपूत ने कहा कि हमारे देश में नारी का स्थान पूजनीय रहा है। परंतु कांग्रेस एवं उसके सहयोगी दलों ने महिला आरक्षण बिल के विरोध में जाकर परिसीमन और दक्षिण में कम सीटों का हवाला देकर भ्रम फैलाकर देश की जनता के साथ धोखा किया गया ।
श्री राजपूत ने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वन्दन अधिनियम को लेकर कांग्रेस के नकारात्मक रवैए और काली करतूत के चलते 17 अप्रैल की तारीख एक काले अध्याय के रूप दर्ज हो गई है। कांग्रेस ने महिला आरक्षण का विरोध करके देश की महिलाओं का अपमान किया है और देश की महिलाएँ अपने इस अपमान को सदैव याद रखकर कांग्रेस को सबक सिखाएंगीं। श्री राजपूत ने कहा कि जब-जब महिलाओं के हित और अधिकारों की बात आई, कांग्रेस ने सदैव महिलाओं को प्रताड़ित करने का काम ही किया। शाहबानो प्रकरण, ट्रिपल तलाक कानून जैसे विषयों को लेकर कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के साथ गद्दारी की है। महिला आरक्षण को लेकर तीन दशकों तक चली प्रक्रिया की विस्तृत चर्चा करके श्री राजपूत ने कहा कि हर बार कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इसका विरोध किया और महिला आरक्षण बिल को संसद में फाड़कर फेंकने का काम तक कांग्रेस और विपक्ष ने किया। 2010 में राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल पारित हुआ लेकिन बाद में सालों तक यह बिल लोकसभा में पेश नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों को लेकर कांग्रेस पार्टी गद्दारी कर रही है और यही कांग्रेस की सोच है।
श्री राजपूत ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वन्दन अधिनियम सहित तीन विधेयक लोकसभा में लाए गए थे। नारी शक्ति वन्दन अधिनियम को लेकर देशभर की महिलाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा था। उन्हें तथा समाज के सभी वर्गों को विश्वास था कि यह विधेयक पारित हो जाएगा। लेकिन कांग्रेस के लोगों ने अपने मनगढ़ंत तर्कों व कुटिल सोच के साथ इस बिल का विरोध किया।श्री कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि महिलाएं आज प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और आने वाले समय में कांग्रेस और विपक्षी दलों से अपनी प्रतिभा के बल पर वह अपना बदला जरूर लेगी ।
दुशासन के चीरहरण की तरह अटहास लगा कर मातृशक्ति का अपमान किया गया
श्री कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि सर्वाधिक शर्म की बात तो यह है कि महिलाओं को आरक्षण से जुड़ा यह विधेयक गिरा तो एक ओर जहाँ महिलाओं की आँखों में आँसू थे तब कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने संसद में ताली बजाकर, मेज थपथपाकर और सदन से बाहर जाकर इस तरह से खुशियाँ मनाई जैसे महाभारत काल में द्रोपती कि चीरहरण में दुशासन और कौरवों ने अटहास कर व्यंग्य कसा था । श्री राजपूत ने कहा कि संसद मे जिस तरह से मातृशक्ति का अपमान किया गया और खुशियां मनाई गई पुरे देश की महिलाओ ने उसे देखा है। और आने वाले समय मे मातृशक्ति ही विपक्ष को मजा चखाएगी ।
भाजपा के जिलाध्यक्ष राजपूत ने कहा कि आज जब यह परिसीमन की जरूरत पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं तो यह विचारणीय है कि 1971 की जनगणना के मुताबिक तब जनसंख्या 54 करोड़ थी जबकि आज आबादी 140 करोड़ है। कुछ लोकसभा क्षेत्रों में आबादी 28 से 38 लाख तक पहुँच चुकी है तो उन सीटों को आबादी के अनुपात से तय करना चाहिए। आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में छत्तीसगढ़ में सीटों की संख्या बढ़कर क्रमश: 135 और 18 हो जातीं। यही संविधान की मूल भावना भी है। परिसीमन कानून में लेशमात्र भी परिवर्तन किए बिना उसी आधार पर परिसीमन को लेकर भी कांग्रेस को आपत्ति है। कांग्रेस हमेशा हमारी संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाती रहती है। इस विषय को लेकर भाजपा बूथ-मंडल स्तर तक जाएगी और कांग्रेस के झूठ और महिला विरोधी चरित्र का पर्दाफाश कर भाजपा के दृष्टिकोण का सही प्रकार से प्रकटीकरण करेगी। कांग्रेस ने विपक्षी दलों के साथ मिलकर महिलाओं के साथ विश्वासघात का जो पाप किया है, उसका खामियाजा उसे भविष्य में भुगतना पड़ेगा।
