त्रिवेणी संगम साहित्य समिति, राजिम – नवापारा के तत्वावधान में, महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा जी के जयंती समारोह, 21 दिसम्बर, दिन – रविवार को साहू समाज छात्रावास भवन राजिम में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया | कार्यक्रम की पहले चरण की शुरुआत, पावन धाम राजिम के हृदय स्थल पर स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया, जिसमें विधायक रोहित साहू के साथ समिति के समस्त आत्मीय जन और कविगण उपस्थित थे | तत्पश्चात सभी साहू छात्रावास पहुँचकर, राज्य स्तरीय काव्य पाठ प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया | इस राज्य स्तरीय काव्य पाठ प्रतियोगिता में राजनांदगांव, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग, बालोद, बलौदाबाजार, मनेन्द्रगढ़, रायपुर व बेमेतरा जिले के साथ-साथ नागपुर महाराष्ट्र से प्रतिभागी के रूप में साहित्यकार उपस्थित थे | सभी ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार-चांद लगा दिए | इस गरिमामयी भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि, राजिम विधानसभा क्षेत्र के यशस्वी विधायक रोहित साहू जी थे, जबकि अध्यक्षता डॉ. अभिलाषा बेहार, सचिव छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग छ.ग. शासन ने की | कार्यक्रम के विशेष अतिथि पंडित सुंदरलाल शर्मा जी के सुपौत्र विकास शर्मा जी थे, विशिष्ट अतिथि के रूप में महेश यादव अध्यक्ष नगर पंचायत राजिम, लाला राम साहू अध्यक्ष राजिम भक्तिन मंदिर समिति राजिम, नूतन साहू वरिष्ठ साहित्यकार पांडुका एवं त्रिवेणी संगम साहित्य समिति, राजिम के आजीवन अध्यक्ष मकसुदन राम साहू “बरीवाला” उपस्थित थे | इस काव्यपाठ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट काव्यपाठ के लिए राजनांदगांव से थंगेश्वर कुमार साहू एवं उनकी पत्नी श्रीमती रेशमी साहू को डॉ अभिलाषा बेहार छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव छत्तीसगढ़ शासन द्वारा साहित्य साधक सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया । आप दोनों शिक्षा विभाग में व्याख्याता है और साहित्यकार भी है । कार्यक्रम के अंत में राज्य स्तरीय काव्य पाठ प्रतियोगिता में पुरस्कार प्राप्त विजेता साहित्यकारों को, सभी अतिथियों के द्वारा, पुरस्कृत राशि,शाल, श्रीफल व प्रतिक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया | इस पावन आयोजन में मंच संचालन किए राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक किशोर कुमार निर्मलकर और मुख्य वक्ता के रूप में अंचल के ख्याति प्राप्त शिक्षक, साहित्यकार श्रवण कुमार साहू “प्रखर” जी थे |
