राजनांदगांव जिले के ग्राम भेड़ीकला में भारत रत्न, देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्मदिवस गरिमामय वातावरण में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। उपस्थित अतिथियों ने अटल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें एक दूरदर्शी नेता, कुशल प्रशासक और संवेदनशील कवि बताया। वक्ताओं ने कहा कि अटल जी ने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में देश को विकास की नई दिशा दी तथा सुशासन, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत किया।
इस अवसर पर जनपद प्रतिनिधि कृष्णा साहू, ग्राम सरपंच बसंतीन नेताम, उपसरपंच संदीप देवांगन, योगराज साहू, के. देवांगन, ईश्वर साहू, पूर्व जनपद सदस्य तेजराम देवांगन, नीलकमल नेताम, केमेन्द्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने अटल जी के विचारों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी जी द्वारा देशहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों, उनकी सादगी, राष्ट्रभक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को याद किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने की अपील के साथ किया गया।
