शहर के काली माई मंदिर से 23 को निकलेगी महाकाल की भव्य शोभायात्रा

विकास नगर में श्री चन्द्रमौलेश्वर महाकाल शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ की बहेगी धारा
० शोभा यात्रा में उमड़ेगे महाकाल‌ के भक्त एवं सनातन श्रद्धालु
राजनांदगांव / शहर में वर्ष 2023 के विदाई के दिनों धार्मिक आयोजनों की भरमार है। धर्म, कर्म, अध्यात्म वाले कार्यक्रमों के इस क्रम में शहर के पॉश कालोनी विकासनगर में 23 दिसम्बर से श्री चन्द्रमौलेश्वर महाकाल शिव पुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कथा वाचक जूनागढ़ गुजरात के कथा शास्त्री ईश्वर चन्द्र व्यास जी होंगे।
उज्जैन स्थित महाकाल के अनन्य भक्त एवं सिंघोला स्थित श्रीचन्द्र मौलेश्वर महाकाल मंदिर के प्रमुख पवन डागा ने बताया कि उनके पिता श्री स्व. राधा किशन जी डागा व स्व. सीता देवी जी की पुण्य स्मृति में उनके निवास स्थान विकास नगर लखोली में श्री चन्द्र मौलेश्वर महाकाल शिव पुराण ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। 23 दिसंबर से लेकर 30 दिसम्बर तक महाकाल लोक विकास नगर (लखोली) में आयोजित होने जा रहे इस आयोजन में सात दिनों तक धर्म/ अध्यात्म गंगा बहेगी, जिसकी अजस्त्र धारा में संस्कारधानी के धर्म प्रिय जन अवगाहन करेंगे।
महाकाल की भव्य शोभायात्रा
आयोजन समिति के अशोक कुमार, राजेश कुमार डागा ने बताया कि श्री शिव महापुराण कथा प्रारंभ होने से पहले शहर में भगवान श्री चन्द्रमौलेश्वर महाकाल की भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी।
23 दिसम्बर शनिवार को भरकापारा स्थित काली माई मंदिर से धूमधाम से निकाली जाने वाली महाकाल की इस भव्य शोभायात्रा में पीली साड़ी पहने सिर में 700 मंगल कलश धारण किए महिलाएं शोभायमान होंगी। शोभायात्रा में पूर्व की तरह भगवान शिव का डम- डम डमरू वादन होगा वहीं शंख ध्वनि सहित झांझ- मंजीरे की झंकार सुनाई देगी। शोभायात्रा में भक्तों की भीड़ के बीच भव्य रथ में सवार भगवान श्री चन्द्र मौलेश्वर महाकाल का दर्शन लोगों को अवर्णनीय आनंद से भर देने वाला साबित होगा।
महाकाल भक्त एवं समाज सेवी पवन डागा ने बताया कि शोभायात्रा में जहां आयोजन समिति व शहर के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रहेगी वही भोलेनाथ भंडारी सहित उनके गणों का रूप धारण किए कलाकार नजर आएंगे वहीं भजन गायक आभाष यादव का सुमधुर महाकाल गीत वातावरण में गुंजायमान होगा। इस दौरान डी.जे. सांउड सिस्टम, धुमाल बाजे, बैंड-बाजे की धुन में महाकाल की भक्ति में झूमते शहर भ्रमण करते भक्तजन काली माई मंदिर (भरकापारा) से माहेश्वरी भवन ,तिरंगा चौक, गंज चौक, लखोली नाका चौक होकर विकास नगर (लखोली) स्थित कथा स्थल शिवधाम पहुंचेंगे। तत्पश्चात रोजाना प्रातः 9 से 12 व दोपहर में 3 से 6 बजे तक महाकाल लोक (विकास नगर) में कथा शास्त्री ईश्वर चन्द्र व्यास जी के श्री मुख से श्री शिव महापुराण की कथा अजस्त्र रूप से प्रवाहित होगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles