रायपुर। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद छत्तीसगढ़, जिला रायपुर पंजीयन क्रमांक 4097/2013 की वार्षिक सामान्य प्रतिनिधि सभा का आयोजन कृषि विश्वविद्यालय, जोरा स्थित मीटिंग हॉल रायपुर में किया गया। बैठक में संगठन की वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा के साथ पूर्व सैनिकों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसी दौरान रायपुर जिला इकाई की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया भी सर्वसम्मति से संपन्न हुई।
बैठक में पूर्व सैनिक हवलदार खेमचंद निषाद ने संगठन की अब तक की गतिविधियों एवं किए गए कार्यों की जानकारी उपस्थित पूर्व सैनिकों के समक्ष रखी। इसके पश्चात पूर्व कार्यकारिणी को भंग कर उपस्थित सदस्यों की सहमति एवं प्रस्ताव के आधार पर नई जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई।
सर्वसम्मति से पूर्व सैनिक ऑनरेरी कैप्टन सूबेदार मेजर गोवर्धन शर्मा को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद छत्तीसगढ़, जिला रायपुर इकाई का नया जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष गोवर्धन शर्मा ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने तथा पूर्व सैनिकों की समस्याओं और उनके हितों के लिए प्राथमिकता के साथ कार्य करने की बात कही। इसके बाद उन्होंने अपनी नई कार्यकारिणी का विस्तार किया।
नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष रवि साहू, संरक्षक खेमचंद निषाद एवं पन्नालाल सिन्हा, मार्गदर्शक हेमलाल साहू एवं आर.एस. दुबे, सलाहकार पन्नालाल साहू, सचिव जयप्रकाश नायक, कोषाध्यक्ष डेमन लाल साहू, संगठन सचिव राकेश सोनी, सांस्कृतिक सचिव डी.पी. पटेल, मीडिया प्रभारी फर्मेंद्र साहू, सह-कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम प्रधान, सह-मीडिया प्रभारी पितांबर साहू तथा सह-संगठन सचिव नवीन वर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई।
वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में गोविंद साहू, नंदकुमार खरे एवं ज्ञान सोनी को शामिल किया गया।
वार्षिक सामान्य प्रतिनिधि सभा में रायपुर जिले के अधिकांश भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं तथा उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय, संगठित एवं मजबूत बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।
