

प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
राजनांदगांव के ग्राम सांकरा क्षेत्र में इन दिनों अवैध मुरूम उत्खनन का मामला लगातार सामने आ रहा है। बिना किसी वैधानिक अनुमति के मुरूम का उत्खनन कर हाइवा के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है, जिससे शासन को राजस्व का नुकसान होने के साथ-साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में दिन-रात मुरूम उत्खनन का कार्य जारी है। भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों की हालत खराब हो रही है तथा खेतों की उपजाऊ मिट्टी नष्ट हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।? अवैध उत्खनन से भू-जल स्तर गिरने की भी आशंका जताई जा रही है। नियमों के अनुसार खनिज उत्खनन के लिए अनुमति आवश्यक होती है, लेकिन यहाँ नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध मुरूम उत्खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।?
