जगदलपुर, 02 सितम्बर 2026/ प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव बस्तर संभाग प्रवास के तहत संभागीय मुख्यालय जगदलपुर पहुंचे। विशेष विमान से यहां पहुंचे शिक्षा मंत्री का माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर जगदलपुर नगर निगम के महापौर श्री संजय पाण्डे सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मंत्री की अगवानी की। इसके साथ ही बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना तथा शिक्षा विभाग के संभागीय व जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
अपने इस दौरे के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव बस्तर संभाग के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, आवासीय विद्यालयों और विकास कार्यों का सघन निरीक्षण करेंगे। दौरे का मुख्य उद्देश्य बस्तर अंचल में शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लेना, शिक्षकों व विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करना और अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाना है।
