“भीषण गर्मी में चलित शीतल स्वादिष्ट पेयजल केंद्र बना आकर्षण का केंद्र”
राजनांदगांव -उदयाचल द्वारा भीषण गर्मी में नागरिकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एक अनोखी सामाजिक पहल की शुरुआत 28 मई से की गई है। संस्था ने “चलित शीतल स्वादिष्ट पेयजल केंद्र” प्रारंभ किया है, जिसके माध्यम से नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाकर लोगों को निःशुल्क स्वादिष्ट शीतल पेय उपलब्ध कराया जाएगा।
संस्कारधानी राजनांदगांव में पहली बार इस प्रकार की चलित सेवा शुरू होने से नागरिकों में उत्साह देखा जा रहा है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन अलग-अलग स्वादिष्ट पेय जैसे आम पना, नींबू पानी, मठा, रसना, रूह आफजा और जलजीरा आदि निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।
गर्मी के इस मौसम में शहर में अनेक संस्थाओं द्वारा पानी के प्याऊ संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन उदयाचल की यह अनूठी “चलित स्वादिष्ट पेय सेवा” लोगों के बीच विशेष आकर्षण और चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी संस्था की इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसकी प्रशंसा की है।
संस्था के संरक्षक डॉ. पुखराज बाफना ने बताया कि उदयाचल का मुख्य उद्देश्य मानव सेवा है और संस्था सदैव समाजहित के कार्यों में अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए यह प्रयास किया गया है ।
नागरिकों ने भी इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।
