छुरिया/राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कृषि आधारित नीतियों से प्रेरित होकर राजनांदगांव जिले के किसान अब आधुनिक और उन्नत खेती की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में छुरिया विकासखंड के ग्राम मौरकुटुंभ के प्रगतिशील किसान एवं भाजपा किसान मोर्चा के जिला प्रकल्प संयोजक मयाराम साहू ने अपनी 12 एकड़ की कृषि भूमि पर मक्के की रिकॉर्ड तोड़ पैदावार लेकर मिसाल पेश की है।
विशेषज्ञों की टीम ने किया फसल का निरीक्षण
मयाराम साहू की इस उपलब्धि का जायजा लेने के लिए भाजपा किसान मोर्चा के वरिष्ठ विशेषज्ञों की एक टीम उनके खेत पहुँची। किसान मोर्चा प्रकल्प संयोजक एवं पूर्व डीडीओ एस. के. सिंह ने फसल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मयाराम साहू ने आधुनिक तकनीकों और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से प्रति एकड़ 35 क्विंटल मक्के की पैदावार ली है, जो कृषि क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अन्य किसानों को भी धान के बदले ऐसी लाभप्रद फसलें लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
किसानों की आय दोगुनी करना ही भाजपा का लक्ष्य: रवि सिन्हा
निरीक्षण के दौरान उपस्थित जिला भाजपा सह-प्रवक्ता एवं नगर निगम पार्षद रवि सिन्हा (अध्यक्ष, जनभागीदारी समिति, विज्ञान कॉलेज) ने कहा कि, “भाजपा सरकार की प्राथमिकता किसानों की लागत कम करना और आय बढ़ाना है। मयाराम साहू जैसे प्रगतिशील किसान अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।”
वरिष्ठ नेताओं ने बढ़ाया किसानों का उत्साह
इस भ्रमण एवं किसान मेल-मुलाकात कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं किसान नेता पन्ना लाल जैन, छत्तीसगढ़ ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश सह-सोशल मीडिया प्रभारी एवं किसान मोर्चा जिला सदस्य रमेश सोनवानी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य किसान उपस्थित रहे। सभी ने मयाराम साहू के उन्नत कृषि मॉडल की सराहना की।
दादूराम सोनकर के नेतृत्व में नवाचार पर जोर
किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष दादूराम सोनकर के मार्गदर्शन में जिला किसान मोर्चा लगातार गांवों का दौरा कर उन्नत कृषि तकनीकों का प्रचार-प्रसार कर रहा है। मोर्चा का लक्ष्य है कि जिले का हर किसान समृद्ध बने और सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ उठा सके।
