कवि पद्य लोचन ने जमाए कविता के रंग
कत्थक कल्याण केंद्र के कलाकारों ने अपने नृत्य प्रदर्शनो से लूटी वाहवाही
राजनांदगांव / प्रदेश के रायगढ़ में इन दिनों आयोजित श्री चक्रधर समारोह में संस्कार धानी के कवि/ साहित्यकार व कत्थक नृत्य के कलाकार अपने कला प्रदर्शन से छाए हुए हैं। इस समारोह में पद्मश्री डॉ सुरेंद्र दुबे जी को मरणोपरांत राजा श्री चक्रधर सम्मान से सम्मानित किया जा रहा है। उक्त गरिमामय कार्यक्रम में शहर के हास्य-व्यंग्य के कवि पद्म लोचन शर्मा “मुंहफट” द्वारा अपनी विशिष्ट शैली में कवि मंच का संचालन करते हुए एक से बढ़ एक कविताओ की प्रस्तुति दी और लोगों से जमकर वाहवाही पाई।
*कत्थक नृत्य के कलाकार ने बांधा शमां*
बताते चलें कि रायगढ़ के उक्त श्री चक्रधर समारोह में संस्कारधानी की शास्त्रीय नृत्य संस्था श्री चक्रधर कत्थक कल्याण केंद्र के कलाकारों द्वारा अविस्मरणीय प्रस्तुति दी गई। संस्था के प्रख्यात कलाकार डॉ कृष्ण कुमार सिन्हा और उनकी टीम ने तुषार सिन्हा के साथ अपने प्रदर्शनो से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी और अपने नृत्य भाव- भंगिमा का जमकर जलवा बिखेरा। इस दौरान कलाकारों द्वारा कत्थक नृत्य की विविध झलकियों के प्रदर्शन से सुधि दर्शक बागबाग हो उठे। शहर के नृत्यकारों की प्रस्तुति में शिव तांडव, शिव स्तुति,गंगाशरण, रायगढ़ एवं जयपुर घराना व लखनऊ घराने की छटा तोड़ा,तराना, जुगलबंदी, नाच की गत,और अष्टविनायक जैसी प्रस्तुतियां प्रमुख रही जिसने लोगों को मंत्रमुग्ध किया। इस समारोह में संस्कारधानी के नर्तक कलाकारों ने अपने भाव- भंगिमा की जीवंतता और लय की गहराई से कार्यक्रम में दर्शकों में अमिट छाप छोड़ते हुए इसे अविस्मरणीय बना दिया। कलाकारों की इस उपलब्धि पर शहर के कला साहित्य के सुधि जनों द्वारा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं।
