संस्कारधानी में गौरवपथ रोड से लगे गुजराती हायर सेकंडरी स्कूल परिसर में चल रही राजनांदगांव मड़ई इस बार अव्यवस्थाओं के कारण चर्चा में है। मेले में लगाए गए भूत बंगला और झूलों में भारी भीड़ उमड़ रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे नजर आ रही है। स्कूल परिसर के अंदर ही मड़ई और भूत बंगला लगाए जाने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जान जोखिम में पड़ती दिखाई दे रही है।
गौरवपथ रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। पार्किंग की कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने से लोग सड़क किनारे वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे हर समय जाम की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आयोजन तो बड़े स्तर पर कर दिया गया, लेकिन सुरक्षा, पार्किंग और आपातकालीन व्यवस्था को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।?
लोगों का कहना है कि अगर मेले में भगदड़, आगजनी या कोई बड़ा हादसा हो जाए तो वहां से निकलने तक का रास्ता साफ नहीं है। ना पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, ना ट्रैफिक कंट्रोल और ना ही इमरजेंसी व्यवस्था दिखाई दे रही है। भीड़ के बीच छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर स्कूल जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह का आयोजन बिना मजबूत सुरक्षा इंतजामों के कैसे कराया जा रहा है। लोगों ने तुरंत पार्किंग व्यवस्था सुधारने, भीड़ नियंत्रण बढ़ाने और सुरक्षा मानकों का पालन कराने की मांग की है।?