राजनांदगांव में पशु क्रूरता बढ़ी, स्वानों को लाठी से पीटने का वीडियो वायरल; लोगों में आक्रोश

राजनांदगांव। शहर में पशु क्रूरता की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते एक साल के भीतर गायों और घुमंतू स्वानों के साथ कई अमानवीय घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे आम नागरिकों और पशु प्रेमियों में नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

ताजा मामला बुधवार देर शाम सामने आया, जब एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वायरल वीडियो में कुछ युवक लाठी लेकर घुमंतू स्वानों को दौड़ाते और बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वीडियो सामने आते ही शहर में आक्रोश फैल गया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई।

घटना के विरोध में गुरुवार को पशु सेवकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर थाना बसंतपुर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही शहर में पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता भी जताई गई।

थाना प्रभारी बसंतपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

पशु प्रेमियों ने प्रशासन से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए, ताकि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने आम नागरिकों से भी पशुओं के प्रति संवेदनशील रहने और किसी भी प्रकार की क्रूरता की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

इस दौरान पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री, प्रणय मुल्लेवार, सन्मय श्रीवास्तव, हरीश भानुशाली, प्रिंस प्रशांत, गौरव शर्मा, सागर यादव, करण तवर, शालिनी चितलांग्या, पवन बांसफोड़ सहित अन्य पशु सेवक मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles