लाल बहादुर नगर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आकाश महिला एवं विद्यार्थी कल्याण संस्थान द्वारा एक प्रेरणादायी एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन महिला भवन नगर पंचायत लाल बहादुर नगर मे किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तेल चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसके साथ ही उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने नारी शक्ति के सम्मान एवं सशक्तिकरण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत राजनांदगांव की उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत राजनांदगांव की सभापति श्रीमती अनीता मंडावी उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि श्रीमती किरण साहू ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए माता-पिता को उन्हें अपने सान्निध्य में रखते हुए उनका मार्गदर्शन करना चाहिए। साथ ही बच्चों को पारिवारिक कार्यों में सहभागी बनाना आवश्यक है, जिससे उन्हें परिवार की जिम्मेदारियों, पारिवारिक संबंधों और जीवन मूल्यों की बेहतर समझ विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्कार ही भविष्य में एक सशक्त और जिम्मेदार समाज का निर्माण करते हैं।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती अनीता मंडावी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्म के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। यदि हम लक्ष्य निर्धारित कर लगन और परिश्रम के साथ कार्य करें तो आने वाले पांच वर्षों में अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर समाज में एक नई पहचान बना सकते हैं।
कार्यक्रम में समाज की अनेक महिलाओं एवं नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। इस अवसर पर मुख्य रूप से श्रीमती अन्नपूर्णा साहू, श्रीमती ईमन साहू, श्रीमती प्रीति ताम्रकार, सुनीता साहू, आस्था सिन्हा तथा संध्या मस्करे मैडम सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन आकाश महिला एवं विद्यार्थी कल्याण संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती पुष्पा सिंह द्वारा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना, समाज में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित करना रहा।
