कोण्डागांव, 10 जुलाई 2025/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवा कल्याण के विभिन्न क्षेत्र में किए गए अविस्मरणीय कार्य, सेवाओं तथा अभिनव प्रयास के लिये युवाओं को सम्मानित करने और उनमें एक राष्ट्रीय कीर्तिमान विकसित करने की दृष्टि से ‘युवा रत्न सम्मान‘ योजना वर्ष 2025-26 से लागू की गई है। इस योजनांतर्गत व्यक्तियों, संगठनों के योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य शासन ने विभिन्न क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों, संगठनों को युवा रत्न सम्मान प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। जैसे असाधारण एवं विशिष्ठ सेवा कार्य हेतु 01 युवा तथा 01 स्वैच्छिक संगठन जो सामाजिक कार्य, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं सांस्कृतिक तथा लोककला के क्षेत्र में कोई असाधारण कार्य किया हो तो इस सम्मान के लिए पात्र होंगे। इस सम्मान हेतु पात्र व्यक्ति की आयु 15-29 के मध्य होना चाहिये। विभिन्न क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तियों को युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा तथा 01 लाख रूपए पुरस्कार राशि प्रदान किया जाएगा। छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान हेतु पात्र संगठन को पुरस्कार स्वरूप 2 लाख 50 हजार रूपए प्रदान किया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति या संगठन अपना आवेदन कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग में जमा कर सकते हैं।
