राजनांदगांव। नेता जी सुभाष द्वार समीप स्थित गायत्री शक्तिपीठ में अश्विन शारदीय नवरात्रि पर्व धूमधाम के साथ मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। 15 अक्टूबर रविवार से प्रारंभ होने जा रहे शारदीय नवरात्रि पर्व पर यहां मां गायत्री की पूजा-पाठ, यज्ञ-हवन सहित अन्य आनुष्ठानिक आयोजनो की धूम बनी रहेगी। जिससे नौ दिनों तक पूरा वातावरण धर्ममय बना रहेगा। गायत्री शक्तिपीठ के ट्रस्टी बृजकिशोर सुरजन व सूर्यकांत चितलांग्या ने बताया कि गायत्री व महाशक्ति है जिसकी साधना करके मनुष्य अपने जीवन विकास के मार्ग में बड़ी सहायता प्राप्त कर सकता है। गायत्री साधना से समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती है।
ट्रस्टी द्वय ने बताया कि दिनांक 15 अक्टूबर रविवार की प्रात: शक्तिपीठ में प्रात: 6 बजे से देव स्थापना व देव पूजन का कार्यक्रम होगा। वही प्रात: 6 बजे से सायं 6 बजे तक सामुहिक जाप (अनुष्ठान) 23 अक्टूबर को सोमवार को प्रात: 9 बजे से 5 कुण्डीय नवरात्रि गायत्री महायज्ञ व विभिन्न संस्कार सम्पन्न किए जाएंगे। पूर्णाहुति के पश्चात मध्यान 12.30 बजे से महाप्रसादी वितरण किया जाएगा। मंदिर के परिव्राजक ओमप्रकाश जी ने बताया कि शक्तिपीठ के अन्य पंडित पुजारियों के माध्यम से नवरात्रि के पुनीत अवसर पर पुसवन सस्कार नामकरण संस्कार नि:शुल्क सम्पन्न कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आश्विनी शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से लेकर नवमी तक नौ-दुर्गा मातृ शक्तियां जागृत रहती है। यह समय शक्ति आराधना, उपासना का समय होता है। इसका 24 हजार गायत्री मंत्र जाप से लेकर लघु अनुष्ठान सहित मां आदि शक्ति की छोटी-बड़ी साधना का संकल्प लिया जाना लाभप्रद सिंद्ध होता है।