राजनांदगांव शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और पदोन्नति में टी.ई.टी. की अनिवार्यता समाप्त करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षक साझा मंच छ.ग. के बैनर तले २२ अगस्त को राजनांदगांव जिले के समस्त विकासखंडों में ब्लॉक स्तरी एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं सेवा सुरक्षा पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा । इस प्रांतीय आव्हान पर नवीन शिक्षक संघ, छ.ग. सहायक शिक्षक समग्र फेड्रेशन एवं सर्व शिक्षक संघ संयुक्त रूप से अपनी आवाज बुलंद कर सरकार तक पहुंचाएगें । शिक्षक साझा मंच जिला ईकाई राजनांदगांव के जिला संयोजक द्वय छन्नूलाल साहू एवं रमेश कुमार साहू ने बताया की शिक्षकों की प्रमुख मांगों में पदोन्नति में टी.ई.टी. की बाध्यता समाप्त करना, सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करना, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर पुरानी पेंशन सहित समस्त लाभ देना एवं सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगती दूर करना शामिल है । शिक्षक साझा मंच ब्लॉक ईकाई राजनांदगांव के ब्लॉक संयोजक द्वय प्रफुल्ल कुमार झा एवं सुरज कुमार शर्मा ने बताया की इन मांगों को लेकर विकासखंड राजनांदगांव के समस्त शिक्षक जिला कलेक्ट्रेट के सामने फ्लाईओवर के नीचे दोप. १२.०० बजे एकत्र होकर ३ बजे तक अपनी आवाज बुलंद करेगें । ततपश्चात धरना स्थल से सेवा सुरक्षा पद यात्रा निकलेगी जो अनुविभागीय अधिकारी (एस.डी.एम.) राजस्व के समक्ष जाकर मांगों का ज्ञापन सौपेगी । इस धरना प्रदर्शन में शिक्षकों को शामिल होने के लिए अपील करने वालों में सर्व श्री छन्नूलाल साहू, रमेश कुमार साहू, अजय कडव, ओम प्रकाश साहू, प्रफुल्ल कुमार झा, सुरज कुमार शर्मा, जितेन्द्र देवांगन ,जितेन्द्र हिरवानी, रजनीश चतुर्वेदी सहित समस्त सक्रिय शिक्षकगण एवं पदाधिकारीगण शामिल हैं ।
