सड़क हादसा या जानलेवा कोशिश? घायल पत्रकारों ने दर्ज कराई शिकायत

तेज रफ्तार कार ने दो युवा पत्रकारों को मारी टक्कर, विरोध करने पर लौटकर हमले की कोशिश — दोनों अस्पताल में भर्ती

राजनांदगांव। शहर में देर रात एक गंभीर सड़क हादसे और कथित हमले की घटना सामने आई है, जिसमें दो युवा पत्रकार घायल हो गए। घटना के बाद पत्रकारों में आक्रोश का माहौल है और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे युवा पत्रकार सौरभ ताम्रकार और योगेश साहू लखोली चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो के अनुसार, हादसे के बाद जब घायल पत्रकारों ने चालक को आवाज लगाई और रोकने का प्रयास किया, तब चालक मदद करने के बजाय वाहन वापस मोड़कर लौटा और कथित रूप से पत्रकार सौरभ ताम्रकार पर हमला करने की कोशिश करता दिखाई दिया। इस घटनाक्रम ने मामले को केवल सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि गंभीर आपराधिक पहलू से जोड़ दिया है।
घटना के बाद दोनों घायल पत्रकार तत्काल कोतवाली थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए बसंतपुर मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, सौरभ ताम्रकार को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि योगेश साहू भी घायल हुए हैं।
खबर लिखे जाने तक कार चालक की पहचान सार्वजनिक नहीं हो पाई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन व चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles