संघर्ष, संस्कार और सफलता की मिसाल: साल्हेवारा की बेटी हीना रजक ने एम.एससी. प्राणि विज्ञान में 81% अंकों के साथ रचा नया कीर्तिमान

साल्हेवारा (जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई)।

वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा की होनहार बेटी हीना रजक ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और अनुशासित जीवनशैली के बल पर दिग्विजय कॉलेज, राजनांदगांव से एम.एससी. (प्राणि विज्ञान) की स्नातकोत्तर परीक्षा में 81 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे साल्हेवारा क्षेत्र एवं रजक समाज में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

हीना रजक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा साल्हेवारा में प्राप्त की। बचपन से ही वह पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और परिवार का सहयोग किसी भी लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी शक्ति होती है।

हीना की माता रेखा रजक एक कुशल गृहिणी हैं, जिन्होंने सदैव अपने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं उनके पिता मोहित रजक विद्यालयों में एक जागरूक एवं प्रेरणादायी पालक के रूप में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। परिवार के संस्कार और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण ने हीना की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हीना के चाचा जमुना रजक, जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में कंपनी कमांडेंट के पद पर भिलाई में पदस्थ हैं, दादा गोविंदराम रजक तथा दादी माया रजक ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हीना के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

अपनी सफलता पर हीना रजक ने कहा कि उनका सपना सहायक प्राध्यापक बनकर शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के स्नेह, परिवार के सहयोग, कठिन परिश्रम और अनुशासित दिनचर्या को दिया।

हीना रजक की सफलता पूरे साल्हेवारा क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि ग्रामीण अंचल की बेटियाँ भी अपनी लगन और मेहनत के दम पर ऊँचाइयों को छू सकती हैं।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर दिलीप शुक्ला, ललित सोनी, बहादुर सिंह खुशरो, निजाम सिंह मंडावी, नरेन्द्र पटले, गिरधारी लाल वर्मा, जगदीश राम पंचकपाट, नेमबाई निर्मलकर, डॉ. अखिलेश यादव (सहायक प्राध्यापक) एवं धनीराम डड़सेना सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने हीना रजक को शुभकामनाएँ एवं बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ प्रेषित की हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles