खाद्य सुरक्षा अधिकारी नहीं मिले तो जनचौपाल में लगाया आवेदन, विशेष जांच अभियान की मांग
राजनांदगांव। त्योहारी सीजन में बाजार में बिना बैच नंबर, एक्सपायरी तिथि एवं आवश्यक मानकों के खाद्य सामग्री की बिक्री तथा अनधिकृत रंगों के इस्तेमाल को लेकर युवा नेता एवं पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने चिंता जताई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी के उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने जनचौपाल में आवेदन प्रस्तुत कर प्रशासन से तत्काल जांच एवं कार्रवाई की मांग की।
शास्त्री ने कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा को आवेदन सौंपते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाई, नमकीन, बेकरी सहित अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर सामग्री बाजार में पहुंचाए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
उन्होंने खाद्य सामग्री बनाने वाली फैक्ट्रियों, थोक विक्रेताओं एवं दुकानों का निरीक्षण करने, बिना बैच नंबर और एक्सपायरी तिथि वाली सामग्री की जांच करने तथा मिठाई, नमकीन एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण कराने की मांग की।
शास्त्री ने कहा कि खाद्य पदार्थों में अनधिकृत अथवा निर्धारित सीमा से अधिक रंगों का इस्तेमाल आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने मानकविहीन खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के साथ दोषी फैक्ट्री संचालकों, वितरकों एवं दुकानदारों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा, “त्योहार खुशियों का समय है, लेकिन चंद लोगों के मुनाफे के लिए आम जनता की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।” उन्होंने प्रशासन से त्योहार सीजन में विशेष खाद्य सुरक्षा जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी की।
नचौपाल में लगाया आवेदन, विशेष जांच अभियान की मांग