घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य
सेवाएं
कोण्डागांव, 12 मई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर 13 अप्रैल 2026 से प्रारंभ किए गए मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के माध्यम से बस्तर संभाग के सभी जिलों के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं तथा गंभीर एवं संक्रामक बीमारियों की समय पर पहचान कर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के नेतृत्व में जिले में अभियान का सफल संचालन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा गांव-गांव जाकर सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ कुष्ठ रोग, टीबी, कुपोषण एवं अन्य बीमारियों की भी जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान जिले के एक ग्रामीण परिवार में स्वास्थ्य परीक्षण के समय कुष्ठ रोग के लक्षण पाए गए। स्वास्थ्य टीम द्वारा विस्तृत जांच किए जाने पर रोग की पुष्टि हुई। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच की गई, जिसमें संक्रमण के अन्य मामले भी सामने आए। चिकित्सकों के अनुसार लंबे समय तक संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में रहने से परिवार के अन्य सदस्यों में भी संक्रमण फैलने की संभावना बनी रहती है। समय पर पहचान होने से दोनों मरीजों का उपचार तत्काल प्रारंभ कर दिया गया तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा नियमित रूप से दवा सेवन भी सुनिश्चित कराया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत जिले के अनुभवी एनएमए श्री लोकेश सोनी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक श्री मनोज कुमार बघेल की सक्रिय भूमिका रही।
मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बस्तर क्षेत्र में जनकल्याण और समग्र विकास की दिशा में राज्य शासन की संवेदनशील पहल है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर अंचल में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, आवास एवं आजीविका के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।
सेवाएं