राजनांदगांव-
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव की नई कार्यकारिणी घोषित किए जाने के साथ ही अब्दुल कादिर कुरैशी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ खेल जगत में भी खुशी की लहर दौड़ गई है।
अब्दुल कादिर कुरैशी राजनीति के साथ-साथ खेल क्षेत्र में भी एक प्रतिष्ठित नाम रहे हैं। वे छत्तीसगढ़ हॉकी टीम के पूर्व एवं प्रथम कप्तान रह चुके हैं, जिससे उनकी पहचान खेल प्रेमियों के बीच काफी मजबूत रही है। उनके नेतृत्व में हॉकी को नई दिशा मिली थी, जिसका लाभ प्रदेश के खिलाड़ियों को आज भी मिल रहा है।
कांग्रेस संगठन में उनकी सक्रियता, जमीनी पकड़ और साफ छवि को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से संगठन को मजबूती मिलेगी और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
उनकी नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न खेल संगठनों और खिलाड़ियों ने भी उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
नवनियुक्त उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर कुरैशी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राजनीति और खेल दोनों क्षेत्रों में युवाओं को आगे बढ़ाने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
