पूजे जाएंगे भगवान वेद व्यास व गुरुवर श्रीराम शर्मा आचार्य जी
कल बुधवार को शक्तिपीठ में अखंड जाप आयोजित
, गुरुवार को 5 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ सहित संपन्न होंगे अन्य अनुष्ठान व संस्कार
राजनांदगांव / शहर के नव- निर्मित भव्य गायत्री शक्तिपीठ में 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा का पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। गुरु पर्व को पूरे हर्षोल्लास व वैदिक अनुष्ठान के साथ मनाने के लिए शक्तिपीठ द्वारा भव्य तैयारी की गई है।
गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी सूर्यकांत चितलांग्या व निर्माण ट्रस्टी बृजकिशोर सुरजन ने बताया कि प्रति वर्षानुसार इस वर्ष में गायत्री शक्तिपीठ में वेद मूर्ति तपोनिष्ठ ,आध्यात्मिक गुरु, समाज सुधारक व अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक श्री राम शर्मा आचार्य जी पूज्य गुरुवर व के रूप में पूरी श्रद्धा – भक्ति के साथ पूजे जाएंगे। ट्रस्टी द्वय ने बताया कि शक्तिपीठ में
4 वेद 18 पुराण 108 उपनिषद के रचयिता भगवान वेद व्यास की जन्म जयंती पर्व व्यास पूर्णिमा के रुप में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूज्य गुरुदेव श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने व्यास जी रचित वेद उपनिषद व भारतीय दर्शन को सरल भाषा प्रस्तुत कर न केवल जन साधारण तक पहुंचाया ,गायत्री मंत्र व यज्ञ आधारित आध्यात्मिक जागरण को जन – जन तक व्यापक रुप से प्रचारित किया। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा का पर्व समस्त गुरुओं के प्रति सम्मान व आभार व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। इसे देखते हुए शक्तिपीठ में सभी गुरुओं को कृतज्ञता पूर्वक याद करने गुरु पूर्णिमा का पर्व धूमधाम के साथ आयोजित किया जा रहा है।
शक्तिपीठ के व्यवस्थापक भाई ओमप्रकाश ने बताया कि 9 जुलाई बुधवार को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक मंदिर में अखंड मंत्र जाप आयोजित है वहीं अगले दिन गुरुवार को मंदिर में मां गायत्री की पूजा-अर्चना सहित पूज्य गुरुदेव की पूजा- अभ्यर्थना की जाएगी। इस दौरान वैदिक मन्त्रोंच्चार के बीच 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ व विभिन्न संस्कार सम्पन्न किए जाएंगे। शक्तिपीठ द्वारा गुरुपर्व अवसर पर समस्त सनातनी जनों व गायत्री परिजनों का उक्त अनुष्ठानिक कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
