

राजनांदगांव । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा आज दिग्विजय स्टेडियम, राजनांदगांव में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने जनसमूह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और मानसिक संतुलन के लिए योग को जीवनशैली का आवश्यक हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
श्री शर्मा ने कहा कि योग भारत की अमूल्य देन है। यह केवल आसनों का अभ्यास नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, अनुशासन और संतुलन का माध्यम है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। हमें इसे सिर्फ एक दिवस तक सीमित न रखकर अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
कार्यक्रम के उपरांत योग प्रशिक्षकों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात श्री शर्मा ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण हेतु सहभागिता दी। उन्होंने कहा कि योग और प्रकृति दोनों ही जीवनदायिनी हैं, एक शरीर को संतुलित करता है, दूसरा पर्यावरण को। दोनों के प्रति हमारा उत्तरदायित्व बराबर है।
