लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान को लेकर भाजपा की बड़ी बैठक आयोजित हुई

राजनांदगांव।26 अक्टुबर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” अभियान के तहत आज जिला भाजपा कार्यालय, राजनांदगांव में अभियान के प्रभारी खूबचंद पारख ने सभी आयामों के प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों एवं महामंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में अभियान की आवश्यकता, उद्देश्य और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिलेभर में अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई तथा पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए अभियान प्रभारी खूबचंद पारख ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च होती है और लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक व्यवस्थाओं तथा जनादेश के प्रति सम्मान बनाए रखना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे निराधार आरोपों और जनता को भ्रमित करने वाली राजनीति का तथ्यात्मक जवाब जनजागरण के माध्यम से दिया जाएगा। अभियान के अंतर्गत आम नागरिकों, युवाओं, बुद्धिजीवियों और विद्यार्थियों तक पहुंचकर लोकतंत्र की मजबूती तथा देशहित से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा।

पदयात्रा के प्रभारी एवं महापौर मधुसूदन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 नवंबर, रविवार को “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” अभियान के तहत जनजागरण पदयात्रा निकाली जाएगी। जिलेभर से आने वाले वाहनों का एकत्रीकरण स्टेट स्कूल परिसर में किया जाएगा। इसके बाद महावीर चौक से पदयात्रा प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए गंज चौक पहुंचेगी, जहां विशाल सभा का आयोजन किया जाएगा। सभा में विपक्ष की कथित साजिशों, जनता को गुमराह करने के प्रयासों तथा वोट चोरी के लगाए जा रहे गलत आरोपों की वास्तविकता जनता के सामने रखी जाएगी।

अभियान प्रभारी सचिन बघेल ने बताया कि 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक जिले के विभिन्न कॉलेजों में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं से लोकतंत्र, राष्ट्र निर्माण, विकास और जनभागीदारी जैसे विषयों पर संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण प्रहरी हैं और उन्हें सही तथ्यों एवं संवैधानिक मूल्यों से अवगत कराना आवश्यक है।

अभियान प्रभारी शशिकांत द्विवेदी ने बताया कि 31 अक्टूबर को डोंगरगढ़, छुरिया एवं डोंगरगांव में बुद्धिजीवी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ लोकतंत्र की वर्तमान चुनौतियों तथा देशहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

अभियान प्रभारी भरत वर्मा ने बताया कि जिले के विभिन्न स्कूलों में प्रतियोगिताओं एवं अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कांग्रेस की नीतियों और कार्यप्रणाली पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस देश को तोड़ने के लिए षड्यंत्र कर रही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने देश की सांस्कृतिक, राष्ट्रीय और वैभवशाली परंपराओं को जीवित रखने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति कर रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी अनवरत साधना और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान किसी व्यक्ति या दल के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और देश की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए जनजागरण का अभियान है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

 सोशल मिडिया इन्फ्लुएंसर्स कवरेज के प्रभारी नीलू शर्मा एवं पत्रिकाएं विशेषांक मे प्रकाशन प्रभारी योगेशदत मिश्रा ने भी अपनी कार्ययोजना बताई ।

बैठक का संचालन जिला भाजपा महामंत्री सौरभ कोठारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन डीकेश साहू ने किया। बैठक में भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, अभियान से जुड़े प्रभारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles