राजनांदगांव: जिले के कुमरदा ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत चंदों के आश्रित गांव बंसी बंजारी में रेत का अवैध उत्खनन जोरों पर चल रहा है। बिना रॉयल्टी पर्ची और अनुमति के यह उत्खनन स्थानीय पर्यावरण के लिए गंभीर खतरे का कारण बन रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, अवैध रूप से निकाली जा रही रेत को खुलेआम बाजार में बेचा जा रहा है, जिससे प्रशासन की अनदेखी पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय पर्यावरण कार्यकर्ताओं का मानना है कि इस अवैध उत्खनन के कारण नदी-नालों में जलस्तर घट सकता है, साथ ही जलवायु परिवर्तन का असर भी बढ़ सकता है। रेत माफिया द्वारा किए जा रहे इस अवैध कार्य पर स्थानीय प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब रेत के खनन के लिए कानून और नियम मौजूद हैं, तो प्रशासन इस अवैध गतिविधि पर नियंत्रण क्यों नहीं लगा पा रहा है?
स्थानीय लोग और पर्यावरण विशेषज्ञ मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द इस मामले में कार्रवाई की जाए और दोषियों को सजा दी जाए, ताकि पर्यावरण को बचाया जा सके और खनन कार्य नियमों के तहत किया जा सके।