साल्हेवारा/खैरागढ़। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरों के विरुद्ध निगरानी और जांच अभियान तेज करने की तैयारी की है।
कार्यालय उप संचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देश में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित कर उनकी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार त्योहारी सीजन में मिठाइयों, नमकीन, दूध एवं दूध से बने उत्पादों की मांग में भारी वृद्धि होती है। मांग बढ़ने के साथ ही मिलावट और नकली खाद्य सामग्री की बिक्री की आशंका भी बढ़ जाती है। इससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए मिठाई, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, नमकीन, खाद्य तेल, अनाज तथा अन्य खाद्य पदार्थों की सघन जांच एवं नमूना संकलन करने को कहा गया है। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी रखने तथा अनियमितता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम एवं संबंधित नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, इंद्रावती भवन, अटल नगर रायपुर तथा जिला कलेक्टर को भी पत्र की प्रतिलिपि प्रेषित की गई है।
अब देखना होगा कि प्रशासन के ये निर्देश धरातल पर कितने प्रभावी साबित होते हैं और मिलावटखोरों पर कितनी सख्ती से कार्रवाई होती है। त्योहारों की खुशियों के बीच आम जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
