वनांचल के आमगांव मिडिल स्कूल की अनूठी पहल, छात्राओं ने नौ दुर्गा के स्वरूपों में निकाली भव्य झांकी

लगातार तीसरे वर्ष हुआ आयोजन, भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और संस्कारयुक्त शिक्षा का दिया संदेश

साल्हेवारा== वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा के अंतर्गत आने वाले शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला आमगांव में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर लगातार तीसरे वर्ष नौ दुर्गा झांकी का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राएं मां दुर्गा के नौ स्वरूपों सहित मां सरस्वती, मां लक्ष्मी और मां काली के विभिन्न रूपों में सुसज्जित होकर आकर्षण का केंद्र बनीं। छात्राओं ने देवी के विविध स्वरूपों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और नारी शक्ति की अनुपम छटा प्रस्तुत की।

विद्यालय परिसर से निकली झांकी, मंदिर में हुआ आत्मीय स्वागत

झांकी का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ। इसके पश्चात देवी के विभिन्न स्वरूपों में सजी छात्राएं आमगांव स्थित माता दुर्गा मंदिर पहुंचीं। मंदिर पहुंचने पर पुजारी ने सभी छात्राओं का तिलक लगाकर एवं पुष्पहार पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। छात्राओं के उत्साह और देवी के विविध स्वरूपों की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

नवाचारी शिक्षक देवकरण सेन के मार्गदर्शन में आयोजन

विद्यालय के नवाचारी शिक्षक देवकरण सेन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। देवी के विभिन्न स्वरूपों के माध्यम से ज्ञान, शक्ति, समृद्धि, साहस तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ ही उनमें सामाजिक और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।

शिक्षकों ने बढ़ाया छात्राओं का उत्साह

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधान पाठिका श्रीमती जामवती रोडस्कर, शिक्षिका श्रीमती कुसुम देवांगन एवं श्रीमती लक्ष्मी जाम्बूलकर की सहभागिता रही। शिक्षकों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस प्रकार की सांस्कृतिक गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

विद्यालय में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक आयोजनों को भी प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ संस्कार, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित हो सके।

आमगांव विद्यालय की इस पहल ने न केवल नवरात्रि के धार्मिक महत्व को रेखांकित किया, बल्कि समाज को नारी शक्ति के सम्मान, भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संस्कारयुक्त शिक्षा का संदेश भी दिया। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यालय की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles