अब सिर्फ स्पीड पोस्ट वस्तुओं में ही पंजीकरण सुविधा
डाक विभाग 1 अक्टूबर से रजिस्टर्ड डाक के संबंध में महत्वपूर्ण बदलाव करने जा रहा है। एक अक्टूबर से केवल स्पीड पोस्ट वस्तुओं में पंजीकरण सुविधा उपलब्ध होगी। अधीक्षक डाकघर राजनांदगांव द्वारा यह जानकारी दी गई की अन्य श्रेणियों की डाक में पंजीकरण सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। सिर्फ स्पीड पोस्ट डाक्यूमेंट में पंजीकरण हेतु मात्र 5 रुपए का शुल्क (लागू जीएसटी अतिरिक्त) देकर पंजीकृत कराया जा सकता है। बिना पंजीकरण स्पीड पोस्ट का वितरण पता आधारित होगा अर्थात जिस पते के लिए स्पीड पोस्ट बुक किया गया है, उस पते पर उपलब्ध किसी भी व्यक्ति को वितरण किया जा सकेगा।जबकि पंजीकृत स्पीड पोस्ट का वितरण प्राप्तकर्ता आधारित होगा अर्थात पंजीकृत स्पीड पोस्ट का वितरण सिर्फ प्राप्तकर्ता को अथवा उनके द्वारा अधिकृत व्यक्ति को ही किया जायेगा |
ओटीपी आधारित वितरण सेवा भी- डाक विभाग ओटीपी आधारित वितरण सेवा भी एक अक्टूबर से प्रारंभ करने जा रहा है। इस सेवा का लाभ लेने के लिए प्रेषक को बुकिंग के समय 5 रुपए का शुल्क (लागू जीएसटी अतिरिक्त) देना होगा। ऐसे स्पीड पोस्ट वस्तुओं का वितरण प्राप्तकर्ता द्वारा ओटीपी प्रदान करने पर किया जाएगा। एक अक्टूबर से स्पीड पोस्ट के दरों में भी बदलाव किया जा रहा है।
