राजनांदगांव। पूर्व सैनिक संगठन राजनांदगांव के द्वारा आज प्रात: ११ बजे गौरव स्थल जी.ई. रोड में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर २६ वां विजय उत्सव मनाया जायेगा। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहर के विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, लोकसभा सदस्य संतोष पाण्डेय तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर मधुसूदन यादव करेंगे जिनके गरिमामय उपस्थिति में उक्त कार्यक्रम संपन्न होगा। भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने यह भी बताया कि उक्त आयोजन सिर्फ कारगिल विजय की याद तक सीमित नही है बल्कि इसका उद्देश्य सामाजिक समरसता व राष्ट्र सेवा, बंधुत्व, शांति और लोगो के मध्य राष्ट्र पे्रम की जागरूकता लाना है। इस अवसर पर ५२७ कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की जायेगी तथा राजनांदगांव शहर के सौभाग्यशाली कारगिल युद्ध के योद्धाओं का सम्मान भी किया जायेगा। जिन्होने कारगिल युद्ध में अपने युद्ध कौशल का परिचय दिया है और देश के आन-बान-शान की रक्षा की। उन्होंने यह भी बताया कि इस अवसर पर बाईक रैली का आयोजन शहर के गौरव स्थल से प्रारंभ होकर प्रमुख चौक-चौराहे से होते हुए बसंतपुर चौक से गौरव स्थल पर समाप्त होगा और शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित की जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि शहीदो की वीरगाथा को याद करने के साथ सिर्फ युद्ध विजय का उत्सव ही नहीं अपितु राष्ट्र सेवा और समर्पण के लिये यह कार्यक्रम आयोजित है।
